नाम वापिसी के बाद कोंच और नदीगांव ब्लॉक प्रमुख पदों पर भाजपा का कब्जा

कोंच (पी.डी. रिछारिया)। कोंच और नदीगांव ब्लॉकों पर भगवा रंग छा गया है। शुक्रवार को नाम बापिसी के बाद दोनों ब्लॉकों में भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। कोंच में दो प्रत्याशियों के नाम वापिस ले लेने के बाद पड़री की रानी देवी और नदीगांव में पांच प्रत्याशियों के नाम वापिस ले लेने के बाद पजौनिया के अर्जुन सिंह के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है।
कोंच में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए तीन प्रत्याशियों भाजपा समर्थित रानीदेवी पड़री, पुष्पादेवी सुनायां (जिन्हें भाजपा के ही गुट का समर्थन हासिल था) तथा अर्चना विरगुवां बुजुर्ग ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किए थे। शुक्रवार को पुष्पा और अर्चना ने चुनाव मैदान से हटते हुए अपने नाम बापिस ले लिए जिसके बाद भाजपा की रानीदेवी के निर्विरोध चुने जाने की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं।
उधर, नदीगांव में छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे जिनमें से पांच ने अपने नाम वापिस ले लिए हैं। इन पांच में शांतिदेवी और रागिनी निर्विरोध रहे अर्जुन सिंह की पत्नी व पुत्रवधु हैं। इसके अलावा रामसिंह घिलौर, किरनदेवी जरा और सरोज देवी सुलखना शामिल हैं। नाम बापिसी के बाद भाजपा के अर्जुन सिंह के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। दोनों जगह भाजपाइयों और उनके समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने पर जश्न मनाया। दोनों ब्लॉकों में शनिवार को संबंधित एआरओ जीत के प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। इस दौरान सतेंद्र कुमार शीलू पड़री, शरद निरंजन, विकास पटेल धनौरा, गौरी चबोर, पूर्व ब्लाक प्रमुख चंद्रपाल निरंजन, करूं पटेल सदुपुरा, विनोद वर्मा, आशु पटेल, सुभाष पटेल, रवि प्रधान विरगुवां बुजुर्ग, हरिश्चंद तिवारी, विमल याज्ञिक, रवींद्र लौना, आदित्य, पुरुषोत्तम पटेल, छोटे राजा पड़री आदि तमाम लोग मौजूद रहे।
इंसेट में –
निर्विरोध की स्थिति बनाने के लिए घंटों चला नाटकीय घटनाक्रम
कोंच। दोनों ब्लॉकों में पार्टी प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ करने के लिये कोंच-माधौगढ क्षेत्र के भाजपा विधायक मूलचंद्र निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष रामेंद्र सेंगर, जिला प्रभारी संजीव श्रृंगीऋषी, जिला उपाध्यक्ष मनोज पालीवाल, जिला मंत्री नीरज दुवे आदि नेताओं ने यहां आकर एक प्रभावी रणनीति पर आगे बढना शुरू किया। इनमें से कुछ लोगों ने अधिवक्ता राजेश मिश्रा के गांधीनगर स्थित आवास पर बैठक की और घंटों नाटकीय घटनाक्रम चला जिसमें सुनायां की प्रत्याशी पुष्पा देवी का नामांकन कराने बाले भाजपा के पुराने नेता पूर्व पार्टी जिलाध्यक्ष व मौजूदा जेडीसी बैंक अध्यक्ष उदय पिंडारी ने बड़ा बयान देकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने अपनी वेदना व्यक्त करते हुए कहा कि परिस्थितियों वश उन्हें अपने पैर बापिस खींचने पड़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय संगठन की मंशा के मुताबिक संघ विचार धारा का प्रत्याशी मैदान में उतारा था लेकिन यहां के संगठन ने दबाव में सपा मानसिकता बाले को टिकिट दिया है जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हुई है।