मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर चलेगा विशेष अभियान, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस
जिलाधिकारी समीर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नए मतदाता बनने के लिए किया जाएगा प्रेरित

उरई। जनपद में मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी समीर ने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत जनपद के इंटर कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को पहली बार मतदाता बनने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को अपने परिवार और आसपास के ऐसे लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को कहा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
जिलाधिकारी ने महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक मतदाता जागरूकता पहुंचाई जाए। शैक्षणिक संस्थानों में संवाद, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पात्र नागरिक आवश्यक अभिलेखों के साथ आगे आएं। पहचान संबंधी दस्तावेजों एवं हाईस्कूल प्रमाणपत्र आदि की सहायता से पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ना और मतदान के प्रति जागरूक करना है। लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, ताकि कोई भी पात्र युवा, महिला अथवा नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



