आग से 500 बीघे फसल जलकर हुई राख

हरदोई। पछोहा क्षेत्र के ग्राम सभा नईबस्ती, पकरा, बंडा में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लगने से 3 घंटे तक खेतों में तबाही होती रही। इस आगजनी की घटना में लगभग 500 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। तीन गांव के कई किसान फसल जल जाने से बर्बाद हो गए हैं। समय पर दमकल वाहन न पहुंचने से ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अफसरों ने फसलों के नुकसान का आकलन शुरू कराया है।
सोमवार को ग्राम सभा नई बस्ती व खिरिया के खतों से ब्रजमोहन के खेत से आग लगना शुरू हुई। अज्ञात कारणों से गेहूं की फसल में लगी आग हवा की लपटों के साथ दूसरे खेतों की ओर बढ़ गई। खेतों पर काम कर रहे किसान आग बुझाने दौड़े और मदद को चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर तमाम ग्रामीण खेतों की ओर आग बुझाने दौड़ पड़े। देखते ही देखते आग बढ़कर ग्राम पकरा, बंडा के सैकड़ों बीघा खेतों की फसल राख हो गई। सूचना अग्निशमन केंद्र पर दी गई, लेकिन दमकल कर्मी 2 घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंचे थे। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों बीघा फसल में आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अफसर भी खेतों में पहुंच गए। जब तक आग बुझ पाती तब तक 500 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। क्षेत्र में आग लगने की खबर जैसे ही फैली वैसे ही नेताओं ने मौके पर पहुंच किसानो को सांत्वना दी। वहीं जब खेतों में आग लगी तो गांवों से खेतों तक भगदड़ मची हुई थी। पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं और बच्चे भी बर्बादी रोकने के लिए दौड़ते नजर आए। जिसे जो सूझा वह अपने तरीके से आग बुझाने की कोशिश करता रहा। यहां तक की जलती फसलों में लोगों ने आग बुझाने के लिए ट्रैक्टर भी दौड़ा दिए।
इनकी जली गेहूं की फसल –
ग्राम सभा नईबस्ती के नेत्रपाल, विष्णु, राजीव, विद्यानंद देव नारायण घासी पकरा, वीपी सिंह, रामौतार, नेत्रपाल, नन्हे, अशोक, सुरेश, अरविंद, विजय, रामप्रकाश, जददु, खिरिया फौजी, कौशल, जगमोहन, भुवनेश, आशा, राजा आदि दर्जनों किसानों की फसल जलकर राख हो गयी।