दिवंगत माता-पिता की स्मृति में जरूरतमंदों को बांटे स्वेटर

कोंच। भूतपूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट स्व. भगवान दास शुक्ला एवं स्व. श्रीमती शांति शुक्ला की स्मृति में उनके बेटों ने रविवार को दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम में जाकर सैकड़ा भर जरूरतमंदों को गर्म स्वेटर बांटे। इसी आश्रम में सेवानिवृत्त प्राचार्य ने भी अपने 75वें जन्मदिन पर जरूरतमंदों को भोजन कराया। हाजी मोहम्मद अहमद ने आश्रम में एक कक्ष निर्माण कराने की भी घोषणा की।
दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम में रविवार को पूर्व बार संघ अध्यक्ष अवधेश कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी द्वय हरीश शुक्ला, मुनीश शुक्ला, डॉ. सतीश शुक्ला व दिवीश शुक्ला ने अपने दिवंगत माता-पिता पूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट स्व. भगवान दास शुक्ला व श्रीमती शांति देवी शुक्ला की स्मृति में सैकड़ा भर जरूरतमंदों को गर्म स्वेटर बांटकर दरिद्र नारायणों की दुआएं लीं। पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह ने अपना 75वां जन्मदिन भी इन असहायों, निशक्तों के बीच मनाते हुए उन्हें भोजन कराया। वक्ताओं ने दान का महत्व बताते हुए यह भी जोड़ा कि उचित दान वही है जो पात्रों को दिया जाए, कुपात्र को दान देने की धर्म ग्रंथों में भी मनाही है। संचालन संस्था संयोजक कढोरे लाल यादव बाबूजी ने किया। इस दौरान श्रीकांत गुप्ता, अरविंद यादव, केशव बबेले, हरीश शुक्ला, डॉ. सतीश शुक्ला, मुनीश शुक्ला, दिवीश शुक्ला, रामप्रकाश निरंजन, शिवप्रसाद निरंजन, जयप्रकाश अग्रवाल कन्हैया, सेठ नासिर, पर्वत सिंह, शारदा मुखिया, राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।