बिस्तर में लगी आग से झुलसा वृद्ध, परिजनों ने आग लगाने का लगाया आरोप

कोंच (पीडी रिछारिया)। घर के बरामदे में तख्त पर सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध के बिस्तर में अचानक आग लग गई जिससे वृद्ध झुलस गया। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आए और आग बुझा कर वृद्ध को बचा लिया गया। आगजनी की इस घटना से मोहल्ले में रोष व्याप्त है। वृद्ध के परिजनों ने साजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर में 70 वर्षीय कमलेश यादव पुत्र गणेश अपने घर के बरामदे में सो रहे थे तभी सोमवार सुबह करीब 5 बजे अचानक से उनके बिस्तर में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। वृद्ध ने आग से बचने का प्रयास किया जिससे उसकी हाथ की अंगुलियां झुलस गईं। चीख पुकार सुनकर परिजन व मोहल्ले के लोग आए वृद्ध को बचा लिया। बहरहाल, एक बड़ी घटना होते होते टल गई। वहीं पीड़ित बताया कि आग अपने आप नहीं लगी है बल्कि उसके विस्तर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई है। वृद्ध के पुत्र ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई है। इससे पहले भी उसके पिता के जेब से कई बार रुपए निकलने की घटनाएं हो चुकी हैं। आज भी आग लगाई गई है जिससे उसके पिता झुलस गए हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की गहराई से छानबीन कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



