सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने की बैठक, वाहन चालकों को दिए जरूरी निर्देश

उरई। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत परिवहन विभाग जालौन द्वारा शुक्रवार को परिवहन कार्यालय के सभागार में ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, बस, ट्रक एवं टैक्सी चालक संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक किया गया।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा क्षमता से अधिक सवारी और माल का परिवहन नहीं करने की हिदायत दी। आगामी सर्दी के मौसम में कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप (रिफ्लेक्टर टेप) लगवाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे और कम दृश्यता के दौरान रिफ्लेक्टर टेप लगे वाहन दूर से दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम करने में मदद मिलती है।
बैठक में मौजूद विभिन्न वाहन चालक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि वे अपने संगठन से जुड़े सभी चालकों को वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही अपने स्तर से भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाएंगे। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सभी वाहन चालक संगठनों से अपील की कि वे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना जरूरी है।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं बस ऑपरेटर शालिगराम पाण्डेय, बस ऑपरेटर यूनियन उपाध्यक्ष मनोज गुर्जर, ऑटो यूनियन अध्यक्ष सुधीर कुमार पाण्डेय, ई-रिक्शा यूनियन अध्यक्ष रवि वर्मा, ट्रक यूनियन के हम्माद अहमद (शानू), संतोष कुमार गुप्ता, गजेन्द्र गुर्जर, सोनू बंगरा, रामकुमार, राजेश दिवोलिया, अब्दुल अलीम खान, अजय कुमार सहित परिवहन विभाग के प्रवर्तन पटल सहायक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



