उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

ग्राम रोजगार सेवकों का आंदोलन तेज, मानदेय और ईपीएफ भुगतान को लेकर आर-पार की तैयारी

3 दिसंबर को लखनऊ विधानसभा घेराव का ऐलान, 27 नवंबर को डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

उरई (जालौन)। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले शुक्रवार को उरई में ग्राम रोजगार सेवकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानदेय भुगतान में देरी और ईपीएफ की धनराशि जमा न होने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई गई। संगठन ने मांगों के समाधान के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति भी तैयार की।

बैठक में जिला सह संयोजक सुनील कुमार यादव ने बताया कि जनपद के कई ब्लॉकों में ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय लंबे समय से बकाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 से 10 महीनों से भुगतान संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं और कई वर्षों का मानदेय भी बकाया बताया गया है। वहीं, वीरपाल सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के ईपीएफ की धनराशि कर्मचारियों के खातों में जमा न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित धनराशि को तत्काल जमा कराने की मांग की।

बैठक में सुनील कुमार यादव, वीरपाल सिंह और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की। संगठन के अनुसार, प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक प्रांतीय आह्वान पर 21 नवंबर 2026 से आंदोलनात्मक कार्यक्रम में शामिल हैं। इसके तहत 23 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक विशेष रोजगार श्रम दिवस के दौरान कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।

संगठन ने बताया कि 27 नवंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 3 दिसंबर 2026 को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करने की योजना है। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें समय से मानदेय और अन्य देय सुविधाएं मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button