कर्ज से परेशान किसान ने फांसी पर लटक कर जान दी

कोंच/जालौन। पिता द्वारा बैंक से लिए गए कर्ज से परेशान एक किसान ने फांसी पर लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इससे पूर्व भी उसने अधिक मात्रा में नशे की गोलियों का सेवन कर जान देने की असफल कोशिश की थी।
सर्किल के थाना एट क्षेत्र के गांव सतोह निवासी किसान वीर बहादुर (38) पुत्र जगदीश प्रजापति ने फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी। मंगलवार/बुधवार रात उसने अपने कमरे में गमछे का फंदा बना कर गले डालकर फांसी लगा ली। जब परिजनों ने उसे फंदे पर झूलता देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दल बल के साथ मौके पर पहुंचे एसआई अशोक कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से घर में कोहराम मचा है और घर वालों का रो रो कर बुरा हाल है।
बताया गया है उसके पास दो एकड़ जमीन थी जिस पर उसके पिता ने बैंक से कर्ज ले लिया था जबकि उसकी पत्नी तथा दो भाईयों निखिल व निशु के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसके सिर पर थी। पिता के कर्ज से वीर बहादुर खासा परेशान रहता था, यहां तक कि पूर्व में नशे की गोलियों का अत्यधिक मात्रा में सेवन कर वह जान देने की कोशिश कर चुका था।