सिद्ध पीठ ठड़ेश्वरी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव कल, भव्य सजावट के साथ होगा जन्मोत्सव

उरई। सिद्ध पीठ ठड़ेश्वरी मंदिर, उरई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 4 सितंबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा देर रात तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सिद्ध पीठ के महंत श्री श्री 1008 सिद्ध रामदास महाराज महामंडलेश्वर ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे रोहिणी नक्षत्र में विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन तथा संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

महंत सिद्ध रामदास महाराज ने जनपद एवं नगर के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर सिद्ध पीठ ठड़ेश्वरी मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनें और भक्ति एवं आध्यात्मिक आनंद का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य एवं दिव्य बनाने का आह्वान किया।



