रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, पांच नमूने जांच को भेजे
कोंच और कालपी में मिष्ठान भंडारों पर कार्रवाई, मिलावट के खिलाफ अभियान जारी

उरई। आगामी रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को कोंच और कालपी तहसील क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डाॅ. सीआर प्रजापति के निर्देशन में टीम ने कोंच तहसील के मेन बाजार स्थित गिरिराज मिष्ठान भंडार से खोया और छैना की मिठाई के एक-एक नमूने लिए। वहीं कालपी तहसील के फूल पावर मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और गुझिया के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। विभाग के अनुसार सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार कटियार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार, महेश प्रसाद एवं झनकार सिंह शामिल रहे। सहायक आयुक्त खाद्य डाॅ. प्रजापति ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न करने की हिदायत दी है।



