हरखूपुर में लगा कानून की पाठशाला, ग्रामीणों को बताए अधिकार और सरकारी योजनाओं के लाभ
लोक अदालत से लेकर किसान सम्मान निधि, बीमा और पेंशन योजनाओं तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

उरई। तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विकास खण्ड महेवा के ग्राम पंचायत हरखूपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती मनाली चन्द्रा ने की। उन्होंने लोक अदालत एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। नायब तहसीलदार कालपी मुकेश कुमार ने राजस्व मामलों, किसान दुर्घटना बीमा और किसान सम्मान निधि की जानकारी ग्रामीणों को दी।
पीएलवी अरविंद कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री बाल विकास योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के बारे में बताया। शिविर में अधिकारियों, पीएलवी, पुलिसकर्मियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
“न्याय चला निर्धन से मिलने” के संदेश के साथ आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को न्याय और सरकारी योजनाओं तक उनकी आसान पहुंच के प्रति जागरूक करना रहा।



