रिरुवा में एक दिन के विशेष शिवर में बने आधा सैकड़ा आयुष्मान

उरई। डकोर ब्लॉक के रिरुवा ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन करते हुए सत्तर वर्ष की आयु पूरी कर चुके वृद्धजनों सहित विभिन्न योजनाओं के सम्मिलित अवशेष लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। दो दिन पहले ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी जनपदवासियों से अपने क्षेत्र, गांव , पंचायत में वृद्धजन का आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग की अपील की थी। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा आयोजित शिविर में अंत्योदय राशन कार्ड के साथ साथ 06 सदस्यों वाले चिन्हित परिवारों में अवशेष सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
यह जानकारी देते हुए आयुष्मान योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ आशीष कुमार झा ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के द्वारा जनपदवासियों एवं समाजसेवी संस्थानों से आयुष्मान वय वंदना योजना में वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग की अपील के पश्चात डकोर ब्लॉक के रिरुवा ग्राम में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने अपने गांव के सभी वृद्धजन जो 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, का आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए शिविर लगवाने के लिए डीआईयू से संपर्क किया। जिसके फलस्वरूप आज स्वास्थ्य विभाग के द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में विशेष शिविर का आयोजन करते हुए आधा सैकड़ा से भी अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए। इस कार्य में आयुष्मान भारत योजना की जनपद स्तरीय टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के आशा संगिनी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने सहयोग किया। समाजसेवी पुष्पेंद्र राजपूत के द्वारा मुनादी पिटवाई गई और सभी बुजुर्ग आधार कार्ड लेकर केंद्र तक पहुंचकर अपनी अपनी ईकेवाईसी करवाकर आयुष्मान कार्ड बनवाया। जिला स्तरीय टीम ने भी गांव में आशा संगिनी और आंगनवाड़ी के साथ घूम घूम कर लोगों को अपना कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। डॉ आशीष ने बताया कि आगे भी इस तरह के विशेष कैंप स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लगवाए जाएंगे। अभी भी गांव में कई ऐसे वृद्धजन हैं, जिनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। सभी ग्रामवासी गांव में ही पंचायत सहायक अथवा सीएचओ से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
विशेष शिविर का आयोजन रिरुवा में किया गया, डीआईयू आयुष्मान के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने जमीनी स्तर पर पहुंचकर पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं, साथ ही योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध चिकित्सालय की भी जानकारी लाभार्थियों को दी ….. मुख्य चिकित्साधिकारी, जालौन
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा आयोजित शिविर में 53 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनें। जो लोग आज नहीं आ सके या गाएं में नहीं थे, उन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड स्वास्थ्य केंद्र पर शीघ्र बनवा दिया जाएगा ….. डॉ० आशीष, डीआईयू, आयुष्मान, जालौन



