उत्साह व श्रद्धाभाव से मनाया गया दीपावली पर्व, लक्ष्मी-गणेश के साथ लोक देवता भी पूजे गए

कोंच/जालौन। सुख, समृद्धि और खुशियों का त्योहार दीपावली सोमवार को नगर व क्षेत्र में पारंपरिक उत्साह और श्रद्घाभाव के साथ मनाया गया। घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर लोगों ने धन और वैभव की अधिष्ठात्री देवी लक्ष्मी और विघ्नहर्ता, सुखदाता लंबोदर गणेश की पूजा अर्चना कर उन्हें छप्पन प्रकार के भोग निवेदित किए। उनके साथ भगवती लक्ष्मी के कोषाध्यक्ष कुबेर, साईं बाबा आदि की भी पूजा कर सुख समृद्घि की कामना की गई। दीपावली पर्व पर ऐसे तमाम लोक देवी-देवता जिन्हें साल भर याद भी नहीं किया जाता है, भी श्रद्घाभाव से पूजे गए और उनसे कामना की गई कि बर्ष पर्यंत उनकी दयादृष्टि परिवार पर बनी रहे। प्रकाश पर्व पर रंग बिरंगी आकर्षक ढंग से सुसज्जित रंगोली, बिजली की झालरें और दीपों की कतारें लोगों को आनंदित कर उनके मन में खुशियों का संचार कर रही थीं। हर घर और प्रतिष्ठान दीपों के प्रकाश से रोशन रहा। आसमान से बातें कर रही मंहगाई का असर तो त्योहार पर रहा लेकिन उत्साह को कम करने में नाकाम रही। बच्चों, बूढों और जवानों ने खूब आतिशबाजी छुड़ाई, आधी रात तक आसमान में रंगबिरंगी छटा बिखरी रही। लोगों ने रोशनी के लिए परंपरागत मिट्टी से निर्मित दीयों का तो प्रयोग किया ही, चायनीज झालरें भी रोशन दिखीं।