– आदित्य बने पंचायत सशक्तिकरण में प्रदेश उपाध्यक्ष उरई/जालौन। उत्तर प्रदेश में विशेष तौर पर बुंदेलखंड की ग्राम पंचायतों को सशक्त और उनके नियमानुसार संचालन की दिशा में काम करने वाले पंचायत सशक्तिकरण अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य तिवारी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। मनोनयन पर अभियान के प्रदेश अध्यक्ष अमित इतिहास ने कहा कि जल्द ही ब्लाक स्तर पर अभियान के लिए पंचायतों पर कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी जिससे आगामी पंचायत चुनावों में बेहतर लोग निर्वाचित होकर आगे आ सकें। उत्तर प्रदेश में पंचायतों की बेहतरी के लिए कार्य करने वाले पंचायत सशक्तिकरण अभियान में पंचायत चुनावों को देखते हुए विस्तार प्रक्रिया में सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य तिवारी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। आदित्य विगत एक दशक से ग्राम पंचायतों में स्वरोजगार, कृषि सहित महिला स्वावलंबन की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अभियान के प्रदेश अध्यक्ष और पंचायतों पर कार्य कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अमित इतिहास ने उन्हें यह जिम्मेदारी देते हुए जनपद जालौन में संगठन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया है। मनोनयन के बाद आदित्य तिवारी ने कहा कि भारत गांवों का देश है उत्तर प्रदेश में भी करीब साठ हजार ग्राम पंचायतें हैं। पंचायत चुनाव नजदीक हैं अभियान की कोशिश है कि अच्छे और पंचायत को बेहतर दिशा देने वाले लोग त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में चुनकर आगे आएं। इस संबंध में जल्दी ही एक पंचायत सशक्तिकरण यात्रा निकाली जाएगी जिसका उद्देश्य जनजागरूकता और आम जनमानस को पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी देना है। कहा कि जब तक लोग व्यवस्था को समझेंगे और उससे जुड़ेंगे नहीं तब तक ग्राम पंचायतों में आने वाली समस्याएं खत्म नहीं होंगी। आम जनमानस में जानकारी का अभाव ही समस्या का कारण है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम में एक ग्यारह सदस्यीय पंचायत सशक्तिकरण समिति भी गठित की जाएगी और समिति को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। इस अवसर पर जितेंद्र द्विवेदी, मलखान सिंह, रूपेंद्र रावत, पीयूष,अशरफ अली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।