ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय आश्रम में अराजक तत्वों ने लगाई आग

कोंच (पीडी रिछारिया) प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय आश्रम में घुसकर रात के अंधेरे में अराजक तत्वों ने आग लगा दी जिससे आश्रम में रखा तमाम कीमती सामान जलकर खाक हो गया, इसके साथ ही चढ़ौती के रुपए भी चोरी कर ले गए।आग के धुएं से कमरा और बाहर का काफी हिस्सा काला पड़ गया। गनीमत रही कि प्लास्टिक की कुर्सियां कुछ दूरी पर रखी थीं नहीं तो कुर्सियां भी आग की भेंट चढ़ जातीं और आग विकराल रूप धारण कर आस पास भी फैल सकती थी।
घटना के मुताबिक मोहल्ला सुभाष नगर में स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय आश्रम की करीब 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर अराजक तत्व 12/13 की रात आश्रम के अंदर घुस गए और अंदर बने एक कमरे में लगा एल्युमिनियम का गेट तोड़ डाला। फिर कमरे में रखे रुई के दर्जनों गद्दे, टंगे पर्दे व सत्संग हेतु रखे साउंड सिस्टम में आग लगा दी जिसके चलते उक्त सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। अराजक तत्व गुल्लक में रखे चढ़ौती के रुपए भी चोरी कर ले गए। वहीं सुबह घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही, सुरही चौकी इंचार्ज संतराम कुशवाहा, मंडी चौकी इंचार्ज सर्वेश कुमार पुलिस बल के साथ आश्रम पहुंचे और हर एक विंदु पर बारीकी से जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक ने घटना का शीघ्र ही खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की बात कही है। घटना को लेकर आश्रम की प्रमुख मीना दीदी ने बताया कि इससे पहले भी करीब एक माह पूर्व अज्ञात व्यक्तियों ने आश्रम में घुसकर चढ़ौती के लगभग 10 से 15 हजार रुपए चोरी कर लिये थे लेकिन उन्होंने इस घटना को नजरंदाज कर दिया था। वहीं आश्रम प्रमुख समेत आश्रम से जुड़े नगरवासियों में आगजनी की इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है।