उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

जालौन में ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार, डीएम ने तीन माह की कार्ययोजना को दी मंजूरी

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और संचारी रोग जागरूकता अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश, खेल मैदानों की एक माह में मांगी रिपोर्ट

उरई। युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) से जोड़ने और जिले में इसकी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति/समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ की तीन माह की कार्ययोजना को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा पात्र नागरिकों को MY Bharat पोर्टल से जोड़कर उन्हें विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

गांव से संस्थानों तक युवाओं को जोड़ने के निर्देश –
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, लाभार्थियों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य उपलब्ध माध्यमों का उपयोग करते हुए ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाए। उन्होंने वर्ष 2026-27 की तीन माह की कार्ययोजना के तहत प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नामित करने तथा कार्ययोजना सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत की ओर से वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई, जिस पर समिति ने सहमति प्रदान की।

1 अक्टूबर से संचारी रोग जागरूकता अभियान –
जिलाधिकारी ने 1 अक्टूबर 2026 से संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाया जाए और विभिन्न विभाग अपने संसाधनों एवं नेटवर्क के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।

मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर भी जोर –
‘मेरा युवा भारत’ के अंतर्गत जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड एवं ग्राम स्तर तक जागरूकता गतिविधियां पहुंचाने के साथ महिलाओं एवं युवतियों की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

स्कूल-कॉलेजों में STEM और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा –
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि जिले के निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों में युवाओं के बीच आलोचनात्मक सोच, कृष्ण-अर्जुन संवाद तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही संबंधित गतिविधियों से जुड़े आवश्यक आंकड़े एवं विवरण संकलित कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से होगा प्रचार-प्रसार –
डीएम ने ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रमों के लिंक, फोटोग्राफ, वीडियो और रील तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में युवाओं की भागीदारी और संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का बेहतर उपयोग किया जाए।

खेल मैदानों और मिनी स्टेडियमों की मांगी रिपोर्ट –
जिलाधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी को जनपद के खेल मैदानों और मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियमों का निरीक्षण कर एक माह के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को धरातल पर प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला युवा अधिकारी सचिन, सदर विधायक के प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button