उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को बड़ी सौगात, जालौन में गूंजा ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का संदेश

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा, 27 से 29 अगस्त तक सहयात्री सहित बहनों को भी मुफ्त सफर की सुविधा

उरई। रक्षाबंधन पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान विशेष बसों को फ्लैग ऑफ भी किया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा और सुना। मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए 27, 28 और 29 अगस्त को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने निःशुल्क यात्रा की सुविधा को सम्मान, सुरक्षा और आत्मीयता से जुड़ी पहल बताया। जनप्रतिनिधियों ने माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी का वितरण भी किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने निःशुल्क बस यात्रा को सरकार की संवेदनशीलता और महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई यह योजना विशेष रूप से वरिष्ठ माताओं के लिए महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें परिजनों से मिलने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक यात्राओं में भी सुविधा मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि रक्षाबंधन मातृशक्ति के सम्मान का भी पर्व है। ऐसे अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देना सराहनीय कदम है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस मौके पर जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, कालपी विधायक के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button