छह माह से बंद है गौशाला, ग्रामीणों ने फसलों को नुकसान पहुंचाने का लगया आरोप
ग्रामीणों ने डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार

उरई। महेवा विकासखंड के ग्राम गुढ़ाखासा के ग्रामीणों ने गांव की गौशाला करीब छह माह से बंद होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला बंद होने के कारण आवारा गोवंश खेतों में पहुंचकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि गौशाला के संचालन को लेकर खंड विकास अधिकारी महेवा को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कर बंद पड़ी गौशाला का संचालन पुनः शुरू कराने तथा गोवंश को सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
वहीं सपा नेत्री रश्मि पाल ने कहना है कि गौशाला के पुनः संचालन से जहां गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा, वहीं किसानों की फसलों को भी आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। अब ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।



