नायब तहसीलदार ने अभियान चलाकर पकड़े चार ओवरलोड ट्रक

कदौरा। नायब तहसीलदार द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर चार ट्रकों को सीज कर पुलिस के सुपुर्द किया गया। साथ ही इसकी खनिज विभाग को रिपोर्ट भेज दी है।
गौरतलब है कि कोरोना संकट व पंचायत चुनाव में अधिकारियों के व्यस्त होने के चलते मौरम माफिया बेखौफ होकर अवैध खनन करने में लगे हुए थे। इतना ही नहीं रात दिन मौरम माफिया एनआर में ओवरलोड ट्रकों को निकालकर सरकार का लाखों का राजस्व लूटने में लगे हुए थे लेकिन गुरुवार को कदौरा थाना क्षेत्र के चतेला तिराहे के पास नायब तहसीलदार पंकज कुमार यादव द्वारा शासन के निर्देश पर ओवरलोड ट्रकों का चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चार ट्रकों को सीज किया गया। वहीं नायब तहसीलदार द्वारा बताया गया कि शासन के निर्देश पर लगातार अभियान जारी रहेगा जिससे ओवरलोड पर अंकुश लग सके।
लोकेशन माफियाओं में मचा हडक़ंप –
चेकिंग की सूचना मिलते ही लोकेशन माफियाओं पर हडक़ंप मच गया। लगातार लोकेशन माफिया अधिकारियों की की गुनगुनाहट सुनते रहते हैं जिससे अधिकारी की कार्यालय से गाड़ी निकलती है और लोकेशन माफिया पीछे पीछे चलने लगते है और ट्रकों का पहिया रुकवा देते हैं। मौरम माफिया लोकेशन को लेकर लगातार स्कार्पियो गाड़ी से चला करते हैं जो कभी जोल्हूपुर मोड़ के पास खड़े दिखाई देते हैं तो कभी कभी कदौरा पेट्रोल पंप के पास लोकेशन के लिए खड़े रहते हैं। कई लोकेशन माफिया तो रात दिन अधिकारियों की निकलने की जानकारी किया करते हैं। जैसे ही अधिकारियों को यह पता चला कि ओवरलोड ट्रक लगातार मौरम माफिया निकाल रहे हैं तो रात्रि में ही अधिकारियों द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार जैसे ही अधिकारी ने ट्रकों को पकड़ा वैसे ही अधिकारियों के पास सिफारिशी फोन आने लगे।