उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

व्यापारी समाज राष्ट्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़, दानवीर भामाशाह का आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत – जनप्रतिनिधि

व्यापारी कल्याण दिवस पर उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान, जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों के योगदान को किया नमन

उरई। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने उनके त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं समाजसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि भामाशाह का जीवन केवल व्यापार तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।

इस अवसर पर वित्तीय वर्ष के दौरान सर्वाधिक कर जमा करने वाले जनपद के बालाजी एंटरप्राइजेज के दीपक गुप्ता आदि व्यापारियों ने कर जमा कर जनपद के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले व्यापारी विकास की आधारशिला को मजबूत करते हैं और ऐसे सम्मान से अन्य व्यापारियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि व्यापारिक समुदाय केवल आर्थिक गतिविधियों का संचालन ही नहीं करता, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी रहता है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन उदारता, राष्ट्रभक्ति और लोककल्याण की अमूल्य प्रेरणा देता है, जिसे प्रत्येक पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में व्यापारियों ने अपने आसपास के जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर मानवता की मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जिस प्रकार व्यापारियों ने भोजन, दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर समाज का साथ दिया, वह दानवीर भामाशाह की परंपरा का जीवंत उदाहरण है। ऐसे व्यापारी समाज के वास्तविक सेवक हैं।

कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि व्यापार और सेवा का संबंध सदैव समाज के विकास से जुड़ा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से पारदर्शी व्यापार, समय पर कर भुगतान तथा सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आह्वान किया और कहा कि समृद्ध व्यापारी समाज ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि व्यापारी वर्ग जनपद की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने उत्कृष्ट करदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि कर राजस्व से ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलती है। उन्होंने व्यापारियों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा शासन द्वारा व्यापारिक हितों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार आदि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button