वित्त-व्यय विभाग की निदेशक भूमिका वर्मा ने विकास कार्यों का किया धरातलीय निरीक्षण

उरई। वित्त मंत्रालय, भारत सरकार (नई दिल्ली) के वित्त-व्यय विभाग की निदेशक भूमिका वर्मा (आई.ई.एस.) ने जनपद जालौन के आकांक्षी ब्लॉक अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का धरातलीय निरीक्षण किया।

इस क्रम में उन्होंने विकास खण्ड जालौन के ग्राम पंचायत शेखपुर बुजुर्ग में ग्राम्य विकास, बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित गतिविधियों की बैठक एवं संवाद किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत शेखपुर बुजुर्ग में पंचायत भवन, ओपन जिम एवं पार्क, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का अवलोकन किया गया। यहां कराए गए गुणवत्तापूर्ण कार्यों की निदेशक द्वारा सराहना की गई। इसके उपरांत ग्राम पंचायत छिरियासलेमपुर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य जांच में प्रयुक्त उपकरणों की कार्यक्षमता परखी गई। कम्पोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास सहित शैक्षिक सुविधाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों व शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद करते हुए टीकाकरण की प्रगति तथा बच्चों को कुपोषण से बचाने के उपायों पर आवश्यक सुझाव दिए गए। निदेशक ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से बातचीत कर ग्रामीण स्तर पर महिला सशक्तिकरण की स्थिति जानी तथा आर.आर.सी. सेंटर के माध्यम से घर-घर कूड़ा संग्रहण हेतु ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित ग्राम पंचायत शेखपुर बुजुर्ग के सचिव एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



