उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज कोंच में विशेष जागरूकता शिविर का किया गया आयोजन

कोंच/जालौन। महिलाओं को कानूनी जानकारी देने हेतु कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज कोंच में राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से राष्ट्रीय/राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में अध्यक्ष माननीय जनपद न्यायाधीश लल्लू सिंह के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता करते हुए सचिव/न्यायाधिकारी रेनू यादव द्वारा महिलाओं को बताया गया कि वैवाहिक/दांपत्य विवादों को प्रारम्भिक स्तर पर ही निपटाये जाने के लिये आवेदन पत्रों को अंगीकृत करने का सरल तरीका जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अपनाया जा रहा है। पति-पत्नी के मध्य मामूली विवाद को थाना, कोर्ट-कचहरी तक ले जाने से बचना चाहिये बल्कि मामूली विवाद या मतभेद को परस्पर मिल बैठकर निपटा लेना चाहिये। इनके अतिरिक्त महिलायें धारा-125 सीआरपीसी, हिन्दू विवाह अधिनियम एवं घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत गुजारे भत्ते की मांग कर सकती हैं और तलाकशुदा पत्नी को भी अपने पति की पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी व दूसरी शादी करने तक भरण पोषण लेने का अधिकार प्राप्त है।

सिविल जज (जू0डि0) कोंच उमैमा शहनवाज एवं अपर सिविल जज (जू0डि0) कोंच मोहित निर्बाल द्वारा राष्ट्रीय/राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं/ परियोजनाओं की जानकारी देते हुए प्राधिकरण की संरचना, इसके उद्देश्य व कार्यों के विषय में उपस्थित महिलाओं को बताया गया। उन्होंने बताया कि पति और पिता की पुश्तैनी संपत्ति में उनको पूरा अधिकार प्राप्त है। शादी के बाद भी महिला को पिता की संपत्ति में कानूनी अधिकार प्राप्त है। असिस्टेन्ट प्रोफेसर बुन्देलखण्ड विधि महाविद्यालय उरई डॉ0 महेन्द्र सिंह द्वारा संविधान में महिलाओं के अधिकार, श्रमिक कानून, फैमिली लॉ इत्यादि विषयों की जानकारी महिलाओं एवं छात्राओं को दी गयी। राष्ट्रीय महिला आयोग की रिसोर्स-पर्सन राजकुमारी निषाद, एडवोकेट ने महिलाओं को राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यों एवं इसकी भूमिका और संविधान में महिलाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोंच की डॉक्टर सविता पटेल द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण एवं उसके उपचार, महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार तथा पी०सी० – पीएनडीटी एक्ट के विषय में बताते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने पर बल दिया गया।

इस कार्यक्रम में तहसीलदार/सचिव तहसील विधिक सेवा समिति आलोक कटियार द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गयी। वहीं महिला कल्याण अधिकारी अलकमा अख्तर एवं परामर्शदाता जिला प्रोबेशन विभाग सुरेश कुमार द्वारा अपने-अपने विभागों से संचालित योजनाओं के विषय में जानकारी दी गयी। महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव एवं मिशन शक्ति योजना की प्रभारी उपनिरीक्षक मधु यादव ने महिलाओं व बालिकाओं की आत्मरक्षार्थ टिप्स दिये व मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। इण्टर कॉलेज की प्रवक्ता कुमारी प्रतिमा सिंह ने समस्त अतिथियों का स्वागत एवं प्रधानाचार्य कुन्ती निरंजन द्वारा सभी अतिथिगण का आभार व्यक्त किया गया। इस शिविर में प्रवक्ता अखिलेश कुमारी, ज्योति गुप्ता, वन्दना एवं कमलेश खरे, वरिष्ठ सहायक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय अश्वनी कुमार मिश्र, पीएलवी टीम लीडर जगपाल सिंह यादव, देवेन्द्र सिंह आजाद समेत तहसील के विभिन्न क्षेत्रों से आयी आशा बहुये, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सुपरवाईजर तथा दर्जनों छात्र/छात्रायें उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button