सूरज ज्ञान महाविद्यालय में ‘फागुन महोत्सव एवं काव्यधारा’ का किया गया आयोजन

कोंच/जालौन। होली की दस्तक के साथ ही शनिवार को यहां सूरज ज्ञान महाविद्यालय में ‘फागुन महोत्सव एवं काव्यधारा’ का आयोजन किया गया। जिसमें तमाम नामचीन कवियों, शायरों व साहित्यकारों ने अपनी अनूदित रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। फागुन महोत्सव में व्यंगिकाएं और समसामयिक रचनाएं बांच कर रचनाकारों ने खूब वाहवाही बटोरी।
उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राठौर के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र सोनी, दरिद्र नारायण सेवा समिति के संयोजक कढोरेलाल यादव, सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य ब्रजबल्लभ सिंह सेंगर एवं शिक्षाविद् शैलेंद्र कुमार द्विवेदी के विशिष्ट आतिथ्य में संजोए गए इस गरिमा पूर्ण कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के पूजन और वाणी वंदना से हुई। कवियों नरेंद्र मोहन मित्र, वीरेंद्र त्रिपाठी, संजीव सरस, रिंकू पांचाल, दिव्यांशु, ऋतु चतुर्वेदी, प्रियम श्रीवास्तव आदि ने उम्दा रचनाएं बांचीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र बोहरे ने की, संचालन रोहित राठौर ने किया तथा आभार कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मिश्रा ने जताया। इस दौरान महाविद्यालय के प्रबंधक अंकुर यादव, दीपक मिश्रा, ओपी कुशवाहा, अर्चना सोनी, वंदना वर्मा, राजेंद्र दुवे, केके सोनी, सुनील मुदगिल, शैलेंद्र नगाइच, मनोज पटेल, अजय स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।