उत्तर प्रदेशजालौनबड़ी खबर
गोली लगने से युवक की मौत, हत्या की आशंका


बुधवार की रात को डकोर थाना क्षेत्र के गोरन गांव निवासी भगवती शरण उर्फ कल्लू अहिरवार (35 वर्ष) पुत्र रामदास अहिरवार चार माह से गांव से बाहर था। दीपावली पर्व पर वह गांव आया था। उसकी पत्नी छह साल पहले बीमारी के चलते मर गई थी। मृतक के एक लड़का व दो लड़कियां हैं। बुधवार की रात को युवक अपने कमरे में सो रहा था तभी परिजनों को उसके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन कमरे में आए तो भगवती शरण उर्फ कल्लू खून से लथपथ अचेत पड़ा हुआ था। परिजनों की चीख पुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर आरके सिंह ने गहनता से जांच की मगर उन्हें कुछ नहीं मिला। सूचना पर गुरुवार सुबह एसपी डा. यशवीर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने डकोर इंस्पेक्टर को गहनता से जांच करने के आदेश दिए। वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या करने की आशंका जताकर पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ संतोष कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। मृतक की हत्या के बाद किसी ने हत्यारों या किसी और को भागते हुए नहीं देखा है। मृतक युवक के शव के पास भी कुछ नहीं मिला है। मृतक भगवती शरण की छाती में गोली मारे जाने की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही जानकारी हो सकेगी। वहीं परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना संदिग्ध देखकर एसपी डा. यशवीर सिंह के आदेश पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके की वीडियोग्राफी कराई गई। वहीं पुलिस मौके से कुछ लोगों को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है।