ग्राम परासनी में फसल काटने को लेकर चले डंडे और कुल्हाड़ी, पति पत्नी गंभीर रूप से हुए घायल

कोंच/जालौन। नदीगांव थाना क्षेत्र के परासनी गांव में फसल काटने के विवाद में चले डंडों और कुल्हाड़ी से एक पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक परासनी निवासी रामदास (48) शनिवार की सुबह अपनी पत्नी रामदेवी (42) के साथ खेत से सरसों की फसल काटकर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में उसके परिवार के ही परमलाल ने रामदास व रामदेवी को रोक लिया और उसके (परमलाल) खेत में से सरसों की फसल काट लेने का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगा। इसी दरम्यान परमलाल के बेटे कल्लू व लालसिंह भी मौके पर पहुंच गए और फिर तीनों ने मिलकर रामदास व रामदेवी पर कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घायलावस्था में उक्त दंपत्ति थाने पहुंचे और पूरा घटनाक्रम पुलिस को बताया। पुलिस दोनों को उपचार हेतु सीएचसी कोंच ले गई जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखकर दोनों को जिला अस्पताल उरई के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रामदास के शरीर कुल्हाड़ी के हमले से फ्रेक्चर आए हैं। उक्त घटना को लेकर थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिल गई है, जांच के उपरांत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।