शिक्षकों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमण्डल बीएसए व वित्त एवं लेखाधिकारी से मिला

– नवनियुक्त व अंतरजनपदीय शिक्षकों के एरियर भुगतान की मांग
उरई/जालौन। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उ0 प्र0 शाखा जनपद जालौन का प्रतिनिधिमण्डल जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचन्द यादव व नवागंतुक वित्त एवं लेखाधिकारी अरुण राज खरे से मिला व शिक्षकों की लंबित समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराकर समस्याओं के निराकरण की मांग रखी।
जिला महामंत्री इलयास मंसूरी ने नवनियुक्त, पारस्परिक व सामान्य अन्तर्जनपदीय तबादले से जनपद में नियुक्त शिक्षकों के एरियर सामूहिक बिल बनवाकर भुगतान कराने की मांग की। जिला कोषाध्यक्ष राकेश कुमार ने जीपीएफ पासबुक की प्रविष्टि कराने की मांग की। जिला संगठन मंत्री तनवीर अहमद ने विद्यालय स्तर पर संसाधन का अभाव होने के कारण यू-डायस पोर्टल व प्रेरणा पोर्टल पर डाटा फीडिंग का कार्य बीआरसी पर नियुक्त कम्प्यूटर ऑपरेटरों से कराने की मांग रखी। जिला संयुक्त महामंत्री अरविंद स्वर्णकार ने शिक्षकों के अवरुद्ध वेतन बहाल करने व चयन वेतनमान का फिक्सेशन व एरियर बिल सामूहिक बिल बनवाकर भुगतान करने की मांग रखी। प्रदेशीय मीडिया प्रमुख बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि जिन शिक्षकों की होम लोन आदि की कटौती के कारण आयकर पर अधिक छूट मिल रही है। उनका प्रार्थनापत्र प्राप्त होने पर अग्रिम आयकर की कटौती रोकने की मांग की। ऐडेड संवर्ग के जिलाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा ने एनपीएस खातों में धनराशि जमा कर ऑनलाइन प्रदर्शित कराने, कोरोना वायरस से दिवंगत शिक्षकों की पारिवारिक पेंशन शीघ्र स्वीकृत कराने व फंड भुगतान करने, मृतक आश्रितों को अतिशीघ्र उनकी योग्यता के अनुसार शिक्षक व लिपिक पद पर नियुक्त करने, विगत वर्षों से लंबित सेवानिवृत्त शिक्षकों की बीमा धनराशि का भुगतान करने की मांग की। इससे पूर्व प्रतिनिधिमंडल द्वारा नवागंतुक वित्त एवं लेखाधिकारी को पुष्प गुच्छ सौंप कर स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक जालौन के कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश कुमार, कदौरा ब्लॉक संगठन मंत्री पवन सोनी, नीरज राजपूत, विजयरत्न, जब्बार सिद्दीकी, ऊषा गुप्ता, हरनारायण, बृजेन्द्र शेखर आदि शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



