शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य के हैं निर्माता : डॉ. प्रियंक शर्मा
अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा आईटीआई कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

उरई। अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा आईटीआई कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण तथा महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज के उप प्रबंधक डॉ. प्रियंक शर्मा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता होते हैं। शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और सही दिशा प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने अनुभव और मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
शिक्षक और विद्यार्थी के बीच का संबंध केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान की भावना रखने तथा उनके मार्गदर्शन को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शैक्षिक विचारों को याद करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, परिश्रम और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में संरक्षक लल्लूराम विश्वकर्मा, ट्रेड इंस्ट्रक्टर नीरज कुमार, मदन मुरारी, सरिता, शैलजा, काजल, गोपाल द्विवेदी, शिवानी रायकवार, हेमन्त कुमार, हरिश्चन्द्र एवं संतराम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



