ऑपरेशन कायाकल्प से विद्यालयों में बढ़ीं सुविधाएं, तकनीक से निखर रही बच्चों की प्रतिभा

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों का रेंडम निरीक्षण करते हुए कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय बघोरा-2 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण में छात्र-छात्राओं एवं दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए पृथक शौचालय, कक्षाओं में टाइलीकरण तथा स्मार्ट क्लास की सुविधा संचालित मिली। जिलाधिकारी ने कक्षा 4 एवं 6 में बच्चों से संवाद कर गणित के सवाल, पहाड़े और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों के आत्मविश्वासपूर्ण उत्तरों और प्रतिभा की उन्होंने सराहना की।
पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पाठ के दौरान एक छात्रा ने नीम के महत्व पर कविता प्रस्तुत की, जिससे जिलाधिकारी प्रभावित हुए। उन्होंने महापुरुषों के चित्रों के संबंध में बच्चों से प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने सही उत्तर दिया। बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को भी उन्होंने सराहा।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण का अधिकतम उपयोग कर बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं बौद्धिक क्षमता विकसित करने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत उपलब्ध सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



