उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

गौशाला संचालन व्यवस्था से परेशान प्रधानों ने दिया ज्ञापन

कोंच (पीडी रिछारिया)। प्रदेश की योगी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजनाओं में शुमार गौसंवर्धन व गौसंरक्षण की खराब हालत किसी से छिपी नहीं है, सरकार गौशालाएं चलवा तो रही है लेकिन उनके संचालन की व्यवस्थाएं अर्थाभाव में ध्वस्त नजर आ रहीं हैं। परेशान ग्राम प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया है जिसमें परेशानियां दूर करने की गुजारिश की गई है।

कोंच ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने मंगलवार को खंड विकास कार्यालय में जुटकर एकजुटता की हुंकार भरी और खंड विकास अधिकारी प्रतिभा शाल्य को दिए अपने ज्ञापन में कहा कि गांवों में संचालित गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों के खाने हेतु टेंडर प्रक्रिया द्वारा भूसे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है जिससे भूसे की अनुपलब्धता हो रही है और गर्मी में तापमान बढ़ने से टीन शेड के नीचे गौवंशों को असुविधा प्रतीत हो रही है। प्रधानों ने कहा कि इस हालत में दिन के समय गौवंशों को गौशाला से बाहर निकालकर गौपालकों की देखरेख में चरने हेतु छुट्टा करने और रात्रि के समय पुनः गौशाला में बंद करना ही उपयुक्त नजर आ रहा है।

प्रधानों ने इसके लिए अनुमति मांगी है, कहा कि आगामी 15 अप्रैल तक यदि भूसे की खरीद का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो गौशालाओं का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। उधर, खंड विकास अधिकारी ने प्रधानों को शीघ्र ही समुचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान कुसुमलता, मीनू पटेल, प्रेमप्रकाश पटेल, सिद्धार्थ, रागिनी, सोहराब, प्रियंका, योगेंद्र, रामकिशोर, राघवेंद्र, अपूर्व गुर्जर, विनीत, जामंती, गोपालदास, कैलाश, मीनू, आनंद आदि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button