12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, विभागों को प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर, नोडल अधिकारियों की बैठक में बनी रणनीति

उरई। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन तक इसकी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

माननीय जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुई बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला जज श्रीमती मनाली चन्द्रा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आमजन तक पहुंचाएं लोक अदालत की जानकारी –
सचिव ने कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितंबर को जिला दीवानी न्यायालय उरई सहित बाह्य स्थित न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विभिन्न प्रकार के लंबित एवं सुलह-समझौते योग्य मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण कर पक्षकारों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने चकबंदी, समाज कल्याण, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण, बांट-माप, जिला पूर्ति, पशुपालन, आबकारी, उद्योग एवं स्टाम्प सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
विभागीय समन्वय से बढ़ेगी सफलता –
बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि लोक अदालत की सफलता के लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परिणामोन्मुखी एवं सार्थक प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराया जा सके। सभी विभागीय अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर जिला पशु अधिकारी डॉ. राजेन्द्र बाबू, जिला आबकारी अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग से देवेन्द्र त्रिवेदी तथा जिला पूर्ति विभाग से एआरओ हाकिम सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



