उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

12 सितंबर को जिला दीवानी न्यायालय उरई समेत बाह्य न्यायालयों में होगी राष्ट्रीय लोक अदालत; प्रचार-प्रसार और प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण पर जोर

उरई। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) एवं राजकीय पॉलिटेक्निक के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला जज श्री राजीव सरन ने अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2026 को जिला दीवानी न्यायालय, उरई सहित बाह्य स्थित न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न मामलों के आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों के माध्यम से लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्री-लिटिगेशन मामलों को चिन्हित कर उनके निस्तारण की दिशा में परिणामोन्मुखी एवं सार्थक प्रयास करने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक श्री राजकुमार पण्डित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री विकास चौधरी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य श्री मानसिंह भारती तथा राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रतिनिधि प्रवक्ता श्री ऋषिकांत त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button