महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता को लेकर स्वयंसेवकों को दी जानकारी

कोंच (पीडी रिछारिया) सूरज ज्ञान महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवम द्वितीय के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन सोमवार को सूरज ज्ञान इंटर कॉलेज सभागार में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र बोहरे की अध्यक्षता एवं इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केके सोनी, उप प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह राजावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जिसमें महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता के विषय मे स्वयंसेवकों को जानकारी प्रदान की गई। मुख्य कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने कहा कि महिलाएं वैदिक काल से ही भारत मे पूज्यनीय रही हैं, प्राचीन ग्रंथों में इस बात के प्रमाण है कि महिलाओं का स्थान भारत में आदिकाल से ही श्रेष्ठतम रहा है। वर्तमान भारत में भी संविधान ने महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु कठोर उपबन्ध किए, उसी के अनुसार आज के भारत में महिलाएं पुरुषों के साथ कदमताल कर देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रहीं हैं। प्रधानाचार्य केके सोनी ने समस्त स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका का निर्वहन करें। द्वितीय कार्यक्रम अधिकारी सुनील मुदगिल ने सभी स्वयंसेवकों को रासेयो की कार्ययोजना एवं उद्देश्य बताए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रवक्ता शैलेंद्र नगाइच, अजय स्वर्णकार, मनोज पटेल, दीपांकर गौतम, रहीस अहमद, हरिओम तिवारी, सुमित चतुर्वेदी, अनिल यादव, विकास ठाकुर, आशुतोष पटेल, मुकेश रायकवार, अखिलेश यादव आदि उपस्थित रहे।