उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

प्रदेश सरकार में सशक्त हो रहा होमगार्ड्स विभाग, जालौन में नए भवन का हुआ शुभारम्भ

मा0 राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया भूमि पूजन, कहा अब सुविधाओं और सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा विभाग

उरई। मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, डिविजनल कमांडेंट होमगार्ड्स झांसी रवि शंकर त्रिवेदी, होमगार्ड कमांडेंट राजेश सिंह ने आज जनपद जालौन के जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय, चौरसी में नव निर्मित राजकीय भवन के निर्माण हेतु विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।

मा0 मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी एवं लोकप्रिय मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में होमगार्ड्स विभाग निरंतर सशक्त और आधुनिक बन रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व यह विभाग संसाधनों के अभाव से जूझ रहा था, परंतु आज यह विभाग सुविधाओं, सम्मान और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 39 जिलों एवं 07 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्रों में विभाग के अपने शासकीय भवन स्थापित हो चुके हैं, जबकि 11 जिलों एवं 01 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें आज जनपद जालौन भी शामिल हो गया है।

मा0 मंत्री जी ने कहा कि पूर्व में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में दिवंगत होमगार्ड्स को मात्र 03 लाख रुपये की बीमा राशि मिलती थी, जबकि वर्तमान सरकार द्वारा सेवाकाल में दिवंगत होने पर 05 लाख रुपये की अनुग्रह राशि, साथ ही एक पात्र आश्रित को होमगार्ड्स स्वयंसेवक के पद पर नियुक्ति दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना में दिवंगत होने पर 30 लाख रुपये तक की सहायता राशि विभिन्न बैंकों के माध्यम से प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स के बेहतर टर्न-आउट हेतु 3000 रुपये प्रति होमगार्ड वर्दी भत्ता, प्रत्येक थाने में पुरुष एवं महिला होमगार्ड्स हेतु पृथक-पृथक सुविधायुक्त कक्ष, तथा प्रशिक्षण भत्ता व ड्यूटी भत्ता समान कर दिया गया है। वर्तमान में विभाग के समस्त कार्य पूर्णतः ऑनलाइन संचालित हो रहे हैं।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि होमगार्ड्स हमारे समाज की सुरक्षा की मजबूत कड़ी हैं, जो हर आपदा, चुनाव, पर्व-त्योहार और कानून-व्यवस्था के समय निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज जिला कमाण्डेन्ट कार्यालय के भवन का भूमि पूजन होना जनपद जालौन के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने होमगार्ड्स जवानों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। पहले जिन जवानों को पहचान और संसाधन नहीं मिलते थे, आज वही जवान आधुनिक सुविधाओं, बेहतर मानदेय और सुरक्षित भविष्य के साथ सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नया भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाएगा, बल्कि होमगार्ड्स जवानों के मनोबल को भी नई ऊँचाइयाँ देगा। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध पूर्ण कराने की अपेक्षा व्यक्त की।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि होमगार्ड्स स्वयंसेवक अनुशासन, सेवा और समर्पण का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा होमगार्ड्स के लिए किए जा रहे सुधार ऐतिहासिक हैं और इससे विभाग की कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि नया शासकीय भवन बनने से न केवल विभागीय कार्यों में गति आएगी, बल्कि होमगार्ड्स जवानों को एक सम्मानजनक कार्य वातावरण भी प्राप्त होगा। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री एवं मा0 मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद जालौन को यह सौगात मिलना विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सुरक्षा, ऑनलाइन व्यवस्थाएँ और आधारभूत सुविधाएँ यह दर्शाती हैं कि होमगार्ड्स अब केवल स्वयंसेवक नहीं, बल्कि एक सशक्त सुरक्षा बल के रूप में स्थापित हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button