मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० देवेंद्र भिटौरिया ने संभाली जालौन की कमान

उरई। जिले के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव हुआ है। चार वर्षों से मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) पद पर कार्यरत डॉ. एन.डी. शर्मा का प्रमोशन होकर वाराणसी मंडल में अपर निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर स्थानांतरण हो गया है। वहीं अब डॉ० देवेंद्र कुमार भिटौरिया को जालौन का नया प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी बनाया गया है।
बताया गया कि डॉ. एन.डी. शर्मा ने 28 अगस्त 2021 को जालौन जिले में सीएमओ का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। आयुष चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद भी सामने आया था, जिस पर अभ्यर्थियों ने मनमानी के आरोप लगाए थे। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने भी कई बार स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की थी।
शासन के आदेश के बाद अब 1 नवंबर 2025 से डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने नए प्रभारी सीएमओ के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जिले में विभिन्न स्वास्थ्य पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा। जिला प्रशासन ने भी नए सीएमओ का स्वागत किया है और स्वास्थ्य विभाग को और अधिक सशक्त एवं जनहितकारी बनाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।



