सपा की प्रदेश कार्यसमिति में कोंच के चौधरी धीरेंद्र यादव को मिली जगह

कोंच। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशन में बनी पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कर दी है जिसमें जनपद जालौन से एकमात्र नाम कोंच के चौधरी धीरेंद्र यादव का शामिल है। धीरेंद्र सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं और पार्टी में फ्रंट लाइन तक उनकी अच्छी खासी पहुंच है। कई मौकों पर उन्हें सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ मंच साझा करते हुए देखा गया है।
इतना ही नहीं, धीरेंद्र सपा के पूर्व मुखिया मुलायम सिंह यादव के भी काफी नजदीक रहे हैं। धीरेंद्र को बतौर सदस्य प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किया गया है। समूचे बुंदेलखंड से केवल दो लोगों को ही प्रदेश कार्यसमिति में जगह देकर पूरे बुंदेलखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका पार्टी आलाकमान द्वारा दिया गया है जिनमें एक झांसी से सुदेश पटेल को सचिव और दूसरे धीरेंद्र को सदस्य बनाया गया है। धीरेंद्र को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाए जाने पर सपाइयों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मिठाइयां बांटी हैं और सपा मुखिया को धन्यवाद दिया है।