पीठासीन अधिकारी राजीव कुमार की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई सम्पन्न

उरई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एवं मा0 जनपद न्यायाधीश श्री तरूण सक्सेना के दिशा-निर्देशन में एवं मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी श्री राजीव कुमार की अध्यक्षता में समन्वय बैठक सम्पन्न हुयी। पीठासीन अधिकारी ने कहा कि जो मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण न्यायालय में चल रहे विवादों में समझौता चाहते है, वे आगामी दिनांक 12 मार्च 2022 के आयोजन से पहले भीं अपने अधिवक्ता के माध्यम से अथवा स्वयं समझौता पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं और उन्होंने अधिवक्ताओं से यह भी अपील की कि वह अपने-अपने वादकारियों को सुलह हेतु प्रेरित करें, जिससे आगामी दिनांक 12 मार्च 2022 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मोटर वाहन दुर्घटना मामलों का निस्तारण हो सके।
सचिव श्रीमती रेनू यादव ने बताया कि मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण से संबंधित सुलह योग्य विचाराधीन एमएसीपी वाद की एक दर्जन से अधिक याचिकाओं को चिन्हित किया गया। सचिव श्रीमती रेनू यादव ने समस्त वादकारियों से अपील करते हुये कहा कि लंबित दीवानी एवं मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण से संबंधित वादों/मुकदमों में सुलह-समझौता करने के इच्छुक व्यक्ति /संबंधित पक्ष, संबंधित न्यायालय द्वारा भेजे जा रहे नोटिस में वर्णित तिथि व स्थान में समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठायें। इसमें किसी प्रकार की समस्या होने पर वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं। इस बैठक में विद्वान अधिवक्ता सर्वश्री अशोक वाश्नेय, विनोद गुप्ता, संजय अग्रवाल, अनिल पुरवार, डा0 अंशू दुबे, राजेश शर्मा समेत कई विद्वान अधिवक्तागण उपस्थित रहे।



