न्यू लोक कल्याण समिति ने गरीब, असहाय एवं विकलांग व्यक्तियों को कराया भोजन
कालपी। नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था न्यू लोक कल्याण समिति ने ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की मदद के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। रविवार को संस्था के अध्यक्ष सुरेश वर्मा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में करीब एक सैकड़ा गरीब, असहाय और विकलांग व्यक्तियों को भोजन कराया गया। इस दौरान संस्था के सदस्य आशुतोष मिश्रा और अमर सिंह चंदेल भी मौजूद रहे।
संस्था के अध्यक्ष सुरेश वर्मा ने बताया कि दिसम्बर माह में कड़ाके की ठंड को देखते हुए डेढ़ सैकड़ा लोगों को कंबल वितरित किए गए थे। उन्होंने कहा कि संस्था हर साल की तरह इस वर्ष भी मकर संक्रांति के अवसर पर गरीब, असहाय और विकलांग व्यक्तियों को कंबल वितरित करेगी।संस्था ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पूरे वर्ष जरूरतमंदों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। सुरेश वर्मा ने कहा कि न्यू लोक कल्याण समिति हमेशा से समाज के वंचित वर्गों की मदद के लिए प्रतिबद्ध रही है। संस्था द्वारा सामाजिक और रचनात्मक कार्य निरंतर जारी रहेंगे। संस्था के इस पहल से सर्दी के मौसम में कई जरूरतमंदों को राहत मिली है। नगरवासियों ने भी समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।