आगामी 26 नवंबर से आयोजित होने वाले विशाल श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि ने दी जानकारी
कोंच। रवा गांव भक्तिरस धार बहाने के लिए तैयार हो रहा है। आगामी 26 नवंबर से वहां विशाल श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 5 दिसंबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में देश के तमाम प्रख्यात साधु-संतों का भी समागम होगा। कथा परीक्षित और यजमान की भूमिका में एमएलसी रमा और उनके पति/प्रतिनिधि आरपी निरंजन होंगे।
तहसील के ग्राम रवा जो एमएलसी रमा आरपी निरंजन का गांव है, में आगामी 26 नवंबर से देश के तमाम प्रख्यात साधु-संत जुटेंगे जिनके सानिध्य में धार्मिक चर्चाएं होंगी। झांसी-ललितपुर-जालौन निकाय क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन के प्रतिनिधि/पति आरपी निरंजन ने गांव में महायज्ञ स्थल पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया, 26 नवंबर को विशाल कलशयात्रा के साथ श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा महोत्सव का श्रीगणेश होगा। देश के प्रख्यात कथा व्यास संत डॉ. स्वामी राघवाचार्य अयोध्या धाम के श्रीमुख से भगवद्कथाओं का रसास्वादन धर्मप्रेमी कर सकेंगे। इसके अलावा जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर बद्रिकाश्रम स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, रंगमहल पीठाधीश्वर अयोध्या रामशरण दास जी महाराज, रसिक पीठाधीश्वर जानकी घाट अयोध्या जन्मेजय शरण जी महाराज, भक्तमाल पीठाधीश्वर अयोध्या महंत अवधेश कुमार दास जी महाराज आदि भी भक्तों को अपने आशीर्वचन से अभिसिंचित करेंगे। यज्ञाचार्य का दायित्व रामराजा गुरुकुल संस्कृत विद्यालय ओरछा धाम के प्राचार्य पं. रामकृष्ण मिश्र को सौंपा गया है। इधर, यज्ञ स्थल पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं को देखने के लिए पंद्रह समितियों का भी गठन किया गया है। इस दौरान मुलायम सिंह कुशवाहा, अजय निरंजन, सत्येंद्र गुर्जर दिक्कू, ज्ञान सिंह कुशवाहा, सुरेंद्र निरंजन, शिवनारायण यज्ञिक, इंद्रपाल परिहार, राजकुमार निरंजन, विवेक गुर्जर, दिलीप प्रजापति, राजू पाल, बिहारी, मनोज झा, अभय निरंजन मुखिया, महेश पटेल, राजेश बापू, बबलू पटेल, दीपू प्रजापति आदि मौजूद रहे।